लॉकडाउन के बीच पांच जोन में बंटा शहर, वाहनों के लिए ऑड-ईवन व्यवस्था

लॉकडाउन का पालन कराने के लिए अलीगढ़ पुलिस ने दो बड़े फैसले लिए हैं। शनिवार से शहर को पांच जोन में विभाजित किया गया है। साथ ही वाहनों की बेवजह आवाजाही रोकने के लिए दिल्ली की तर्ज पर ऑड-ईवन व्यवस्था लागू की गई है। यह नियम शुक्रवार रात 12 बजे से लागू हो गया है। 


सभी जोन से संबंधित थानों की पुलिस को बैरियर पर तैनात किया गया है। बेवजह घूमते पाए जाने वालों पर कार्रवाई होगी। साथ ही एक जोन से बेवजह दूसरे जोन में जाने पर भी कार्रवाई होगी। लापरवाही पर पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। 

इस व्यवस्था में आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभाग, अधिकारी, कर्मचारी, जरूरी पास धारक और प्रेसकर्मी व समाचार पत्र वितरण से जुड़े वाहन मुक्त रहेंगे। एसएसपी मुनिराज ने वायरलेस के माध्यम से शुक्रवार रात ही इस संबंध में संदेश जारी कर कड़ी चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार से आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों प्रेस व समाचार पत्र वितरण से जुड़े वाहनों को रोका न जाए।

एक जोन से दूसरे जोन में जाना प्रतिबंधित
एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि शहर को पांच जोन में बांटने के साथ ही हर जोन की चारों ओर की ऐसी सीमा, जो दूसरे जोन से लगती है। वहां पुलिस की तैनाती की गई है। इन सीमाओं के भीतर ही लोगों को रहना है। 

भीतर रहते हुए सड़क पर निकलने की अनुमति तब होगी जब सुबह छह से दस बजे तक बाजार खुलेंगे। इसके बाद सिर्फ आपातकालीन स्थिति में ही लोगों को घरों से निकलने की या दूसरे जोन में जाने की अनुमति दी जाएगी। 

इस दौरान सिर्फ चिकित्सक, नगर निगम कर्मचारी, समाज सेवा में लगे व्यक्ति, बैंक कर्मी, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, प्रेसकर्मी व समाचार पत्र वितरण के वाहन ही अन्य जोन में जा सकेंगे।