आगरा में तेजी से बढ़ रहे मामले, अब तक की जांच में हर 20वां शख्स मिला संक्रमित

आगरा में जैसे-जैसे नमूनों की संख्या बढ़ रही है, वैसे-वैसे कोरोना वायरस से संक्रमितों का ग्राफ चढ़ता जा रहा है। मार्च में रोज 10-15 सैंपल लिए जा रहे थे। तब 31 दिन में 12 मरीज मिले थे। अप्रैल में 100 से 150 सैंपल रोज लिए जा रहे हैं। इनमें 8 से 10 संक्रमित मिल रहे हैं।


शुक्रवार तक कुल सैंपल 1753 लिए गए। इनमें से 89 यानी हर बीसवां व्यक्ति संक्रमित मिला है। अब जांच का दायरा और बढ़ाया जाना है। शनिवार सुबह तीन और मरीज मिले हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 92 हो गई। 

प्रशासन का फोकस हॉटस्पॉट में हर उस शख्स की जांच कराना है जो मरीज के सीधे संपर्क में रहा है या फिर उसमें कोरोना के कोई भी लक्षण है। शहर के 22 इलाके पहले ही हॉटस्पॉट घोषित हो चुके हैं। इन इलाकों से ही 80 फीसदी से ज्यादा मरीज मिले हैं।

अब देहात से सैंया सीएचसी के डॉक्टर में संक्रमण मिलने के बाद स्टाफ और मरीजों के भी सैंपल लिए गए हैं। शुक्रवार रात को आठ हॉटस्पॉट और बढ़ा दिए गए हैं। ग्रामीणों क्षेत्रों को मिलाकर जिले में संक्रमित क्षेत्र 33 हो गए हैं।